कांगड़ा। जमानाबाद रोड पर शनिवार देर रात जयंती विहार में प्रवासी की हत्या मामले में मृतक के परिजन थाने के बाहर जमा हो गए। इस दौरान परिजनों और साथ आए लोगों ने तीसरे आरोपी को पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंपा और गुस्साए परिजनों ने पुलिस के आश्वासनों से असंतुष्ट होकर लाश तहसील चौक पर रख कर लगभग दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया। परिजन किसी भी वाहन को सड़क से गुजरने नहीं दे रहे थे। कोई वाहन आने पर वे सड़क पर लेटकर रोष प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस बार-बार उन्हें सड़क से उठ जाने के लिए कहती रही, लेकिन वे नहीं माने। तहसील चौक पर सड़क जाम करने के बाद परिजनों और उनके सहयोगियों ने गुप्त गंगा को जाने वाले रोड को भी रोक दिया। इस दौरान तीनों तरफ से लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे वाहनों में बैठे लोग परेशान होते रहे। गुप्त गंगा की तरफ से मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
मौके पर दर्जनों पुलिस कर्मी परिजनों को सड़क खाली करने के लिए समझाते रहे, लेकिन परिजन तीसरे युवक की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। मामला बढ़ता देख एएसपी विजय सकलानी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर बैठे लोगों को उठाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। परिजनों का कहना था कि घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी तीसरे आरोपी को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है? परिजनों के अड़े रहने पर अंतत: पुलिस बल की सहायता से उन्हें जबरन खदेड़ा गया। पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया। करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो पाया। एएसपी विजय सकलानी ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने टीमें भेज दी हैं। जल्द ही तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार होगा।
उधर, मर्डर मामले में भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। शनिवार देर रात जयंती विहार में प्रवासी का मर्डर कर दिया गया था। यूपी का गोरखपुर निवासी मृतक सेवा लाल टाइल लगाने का काम करता था। जमानाबाद रोड पर किसी बात को लेकर उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। जख्मी हालत में उसे टांडा अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों शैंकी व अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। इसी मामले से गुस्साए मृतक के परिजनों और अन्य प्रवासियों ने रविवार को सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।