नौवीं की छात्रा ने पुल से छलांग लगाकर दी जान
छात्रा के कदम से हर कोई स्तब्ध, देहर खड्ड पर बने रेलवे पुल से कूदी
परिजनों को उम्रभर का गम दे गया साल का पहला दिन
अमर उजाला ब्यूरेे
जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत देहर खड्ड पर निर्मित रेलवे पुल से एक छात्रा ने छलांग लगाकर जान दे दी। छात्रा सुबह घर से तैयार होकर स्कूल गई थी, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया। छात्रा के उठाए गए इस कदम से हर कोई क्षब्ध है। वहीं जवाली पुलिस ने रेलवे पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4 बजे नौवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा ने रेलवे पुल से छलांग लगा दी, जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा को छलांग लगाते हुए एक व्यक्ति ने देखा, जिसने इसकी सूचना पुलिस में दी। लड़की 14 साल की थी। सूचना मिलते ही एसडीएम जवाली अरुण कुमार शर्मा, डीएसपी जवाली ज्ञान चंद ठाकुर, तहसीलदार जवाली जोगिंदर पटियाल, एसएचओ जवाली नीरज राणा टीम सहित पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी जवाली ज्ञान चंद ठाकुर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने कहा कि यह मामला रेलवे पुलिस के अधीन आता है और आगामी कार्रवाई रेलवे पुलिस की ओर से ही की जाएगी। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।