डमटाल/इंदौरा(कांगड़ा)। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए डमटाल पुलिस और नारकोटिक्स सेल की टीम ने शुक्रवार रात डमटाल में नाके के दौरान एक युवक को 45.03 ग्राम चिट्टा (नशीला पाउडर) सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी मुताबिक डमटाल पुलिस चौकी के प्रभारी कुलदीप कुमार और नारकोटिक्स सेल के संदीप वर्मा, गोविंद सिंह, नवजोत सिंह, शशि पाल, देवानंद, रमेश कुमार और बलविंदर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डमटाल हाईवे पर नाका लगाया था। इस दौरान आरोपी युवक देविंद्र कुमार उर्फ बब्बू पुत्र पूर्ण चंद निवासी सुजानपुर जिला पठानकोट नाके को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से करीब 45.03 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़ा गया युवक पंजाब से हिमाचल में चिट्टे का मुख्य सप्लायर है।