राकेश भारद्वाज
धर्मशाला। पुलिस थाना कांगड़ा के तहत कछियारी में तीन साल पहले राकेश पुत्र जग्गू राम पर चाकू से हुए हमले में घायल पीड़ित को अभी तक यही नहीं बताया है कि मामले का चालान पुलिस ने किस कोर्ट में पेश किया है। इतना ही नहीं मामले की जांच के संबंध में भी पीड़ित को पुलिस ने कुछ बताना गवारा नहीं समझा। क्योंकि, पीड़ित ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी था, वह भी अब जमानत पर रिहा हो चुका है। इतना ही नहीं तीन साल से न्याय की गुहार लगा रहे पीड़ित राकेश और उनके पिता को पुलिस कभी कांगड़ा, तो कभी धर्मशाला कोर्ट में चालान पेश करने की बात कर रही है। इस संबंध में पीड़ित राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री, उपायुक्त कांगड़ा, एसपी कांगड़ा और डीएसपी स्तर के अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन मामला पत्राचार तक ही सिमटकर रह गया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कार्यालय से राज्य सरकार के उच्च अधिकारियों और वहां से जिला स्तरीय अधिकारियों को तो पत्र जारी हो रहे हैं, लेकिन इसके आगे मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
.
यह है मामला
कछियारी में 22 मई 2015 को जग्गू राम के भाई के घर देर रात तीन चोर घुसे। इसकी भनक जग्गू राम और उनके बेटे को लगी। इस पर उन्होंने फोन कर अपने पड़ोसियों को जगाया और चोरों को पकड़ने के लिए घेरा बनाया, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। चोरों के पीछा करते काफी दूर तक जाने के बाद वे नहीं मिले, तो सभी वापस आ रहे थे। रास्ते में एक चोर खेतों में छिपकर बैठा था। उसे जब राकेश कुमार पकड़ने लगे, तो चोर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस नहीं देती कोई संतोषजनक जवाब : जग्गू
पीड़ित राकेश और उसके पिता जग्गू राम ने बताया कि उन्हें एक बार पुलिस ने कहा कि धर्मशाला कोर्ट में चालान पेश हुआ है। इस पर वे धर्मशाला कोर्ट में बताई हुई तारीख को आए। लेकिन, वहां ऐसा कोई मामला नहीं लगा था। वहीं, पुलिस ने एक बार कांगड़ा कोर्ट में चालान पेश होने की बात कही थी। इस संबंध में जब भी पुलिस से बात की जाती है, तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं देती। मामले में दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ने कोई छानबीन नहीं की।
-मेरे ध्यान में मामला आया है। इस संबंध में पुलिस थाना कांगड़ा के अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। इसके बाद मामले की गहनता से छानबीन की जाएगी।
- संतोष पटियाल, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा