सेना में भर्ती होने के लिए आए युवकों को फर्जी प्रमाणपत्र मुहैया करवाने के आरोप में एक महिला को पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईयू) ने जाल बिछाकर पकड़ लिया। आरोपी महिला यूपी के मुजफ्फनगर की है। इस मामले में पुलिस पहले ही 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अभी और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले साल 14 मई को पालमपुर में सेना की भर्ती हुई थी। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने युवकों के सारे प्रमाणपत्रों की जांच शुरू की। इसमें करीब आधा दर्जन युवकों के पास फर्जी प्रमाणपत्र पाए गए थे
लिहाजा, सेना ने इसकी शिकायत पालमपुर पुलिस में की। फर्जी प्रमाण पत्रों का जाली खेल देखकर पुलिस विभाग ने एसयूआई गठित की। सोमवार को एसआईयू को भनक लगी कि आरोपी महिला पालमपुर में किसी को प्रमाण पत्र देने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने जाल बिछाया था।
लिहाजा, पालमपुर पहुंची महिला सुमन कौशिक (40) पत्नी नरेंद्र कौशिक निवासी मुजफ्फरनगर (यूपी) को एसआईयू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। महिला पर अन्य लोगों को भी फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर देने का आरोप है। उधर, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि महिला से कुछ प्रमाण पत्र भी बरामद किए हैं।