धर्मशाला। विश्व प्रसिद्ध त्रियूंड ट्रैक की स्वच्छता, सुरक्षा और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने के लिए वन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने का निर्णय लिया है। ट्रैक पर हुड़दंग मचाने और गंदगी फैलाने वाले पर्यटकों पर विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। 5000 रुपये तक का जुर्माना भी वसूला जाएगा।
व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए गलू से लेकर त्रियूंड ट्रैक तक करीब 60 आधुनिक सूचना पट्टिकाएं लगाई जा रही हैं। इनके जरिए पर्यटकों को कचरा प्रबंधन, ट्रैक की सफाई, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित ट्रैकिंग से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य सैलानियों को जिम्मेदार ट्रैकिंग के प्रति जागरूक करना और इस संवेदनशील पर्यटन स्थल को सुरक्षित बनाए रखना है।
उधर, वन मंडल धर्मशाला के डीएफओ अमित शर्मा ने बताया कि नए सूचना पट्टों के माध्यम से पर्यटकों को तय नियमों की पूरी जानकारी मिलेगी। यदि कोई भी पर्यटक साइट पर उत्पात मचाता या नियमों की अवहेलना करता पाया गया तो विभाग उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा। ऐसे पर्यटकों पर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।