धर्मशाला। गगल एयरपोर्ट विस्तार की नई सीमा में आने वाले 22 सरकारी भवनों को शिफ्ट किया जाएगा। इनमें स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस स्टेशन, पंचायत भवन और पटवार घर शामिल हैं। इस परियोजना से कुठमां, गगल, झिकली इच्छी, सनौरां और रछियालू पंचायतें प्रभावित होंगी। लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलती रहें, इसके लिए नए स्थानों का चयन होगा।
-
गगल और झिकली इच्छी में ये भवन होंगे शिफ्ट
गगल खास में पुलिस स्टेशन, प्राथमिक स्कूल, दो आंगनबाड़ी केंद्र, आयुर्वेदिक औषधालय और पटवार घर प्रभावित होंगे। झिकली इच्छी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, प्राथमिक स्कूल, पंचायत भवन, किसान भवन, सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता सोसायटी, अमित मेमोरियल क्लब और श्री गुरु रविदास भवन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
पंचायत स्तर पर इन संपत्तियों पर पड़ेगा असर
कुठमां पंचायत के जुगहेड़ में महिला मंडल भवन, सरकारी स्कूल, मछली तालाब, पशु चिकित्सालय, लोक निर्माण विभाग का स्टोर और पटवार घर हटेंगे। सनौरां का वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भी जद में आएगा। रजियालू पंचायत के भड़ोत और रजियालू गांवों के कुछ कुएं भी प्रभावित सूची में शामिल हैं।
विस्तार की जद में आ रहे 22 भवनों की सूची उच्चाधिकारियों और सरकार को भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही भवनों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। -विनय धीमान, जिला पर्यटन अधिकारी, कांगड़ा