पपरोला बाजार में खराब हुई निगम की बस। जागरूक पाठक।
क्रेन की मदद से बस को किनारे कर खुलवाई सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पपरोला बाजार में उतराला के लिए जाने वाले मार्ग पर निगम की बस के अचानक खराब हो गई। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को परेशान होना पड़ा। वीरवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे बैजनाथ से उतराला जाने वाली निगम की बस उतराला रोड की तरफ मुड़ते समय एक्सेल के टूटने से अचानक बंद हो गई।
बस खराब होने पर उच्च मार्ग का आधे से अधिक रास्ता वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। इसके चलते मार्ग के दोनों तरफ एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई। बाद में क्रेन से बस को हटाकर मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए सुचारु करवाया। मार्ग करीब डेढ़ घंटे के लिए यातायात के लिए बंद रहा। कार्यालयों का समय होने पर लोग अपने गंतव्य तक देरी से पहुंचे।
लोगों का कहना है कि इस स्थान पर बैजनाथ की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों को सीधे ले जाने के बजाये पेट्रोल पंप पर मोड काट कर फिर उतराला रोड की तरफ जाने के लिए हिदायती सूचना बोर्ड लोक निर्माण विभाग ने लगाया है, लेकिन चालक इन निर्देशों की अनदेखी करते हैं और भविष्य में इस स्थान पर ऐसे चालकों के विरुद्ध सीसीटीवी कैमरों की मदद से कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।