पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में 8 मई को होने वाले स्नातक दीक्षांत समारोह से पहले गूगल फॉर्म पोर्टल बंद किए जाने को लेकर एबीवीपी ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। एबीवीपी का कहना है कि विवि ने गूगल फार्म (सहमति पत्र) पोर्टल को बंद कर दिया है। इससे दीक्षांत समारोह में डिग्री लेने से कई छात्र महरूम रह जाएंगे।
इकाई अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कहा कि कई पूर्व छात्र केवल इसलिए पंजीकरण नहीं कर पाए क्योंकि उन्हें समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। इसे लेकर परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मिला और पूर्व में बंद किए गए गूगल फॉर्म (सहमति प्रपत्र) को दोबारा खोलने की मांग की।
इसके बावजूद कुलपति की ओर से फॉर्म को दोबारा खोलने से साफ इन्कार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह तो आयोजित कर रहा है लेकिन जिन छात्रों को डिग्री प्रदान की जानी है, उन्हीं को इसमें भाग लेने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब समारोह का मूल उद्देश्य ही छात्रों को उनकी डिग्री प्रदान करना है तो फिर उन्हीं छात्रों को इससे वंचित करने का क्या औचित्य है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र ही सकारात्मक कदम नहीं उठाए और सभी पात्र छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित नहीं की तो छात्र उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि कृषि विवि में 8 मई शुक्रवार को स्नातकों को दीक्षांत समारोह रखा गया है। इसमें गर्वनर कविंद्र गुप्ता मुख्यातिथि होंगे। इस दीक्षांत समारोह में 2018-23 के 400 से अधिक स्नातक छात्र डिग्री लेंगे।