पंचरुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र में उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इस योजना को लेकर धरातल पर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। ताजा मामले में पंचरुखी बाजार में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने पर एक उपभोक्ता को 24 घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन काटने का नोटिस थमा दिया गया है।
पंचरुखी बाजार में जब बिजली बोर्ड और संबंधित कंपनी की टीम उपभोक्ता उत्तम चंद के घर मीटर बदलने पहुंची तो उन्होंने (उपभोक्ता) ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया। उपभोक्ता और बोर्ड की टीम के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। इसके बाद बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी कर 24 घंटे में मीटर काटने की चेतावनी दे दी है।
उपभोक्ता का तर्क है कि वे नियमित रूप से बिल भर रहे हैं, ऐसे में जबरन मीटर बदलना और नोटिस देना तर्कसंगत नहीं है। फिलहाल विरोध के चलते वहां पुराना मीटर नहीं बदला गया है और मामला विचाराधीन है।
केंद्र सरकार की योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। सभी उपभोक्ताओं को इसे लगवाना ही होगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -प्रीतम चंद, एसडीओ, विद्युत उपमंडल पंचरुखी।
सहयोग न करने पर कटेगा कनेक्शन : अरविंद
गुलेर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के उपमंडल हरिपुर के अंतर्गत भी स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाई गई है। सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में बाधा डालता है या विभागीय टीम का सहयोग नहीं करता है, तो उसे नियमानुसार नोटिस देकर उसका बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से इस योजना को सफल बनाने में विभागीय टीम का सहयोग करने की अपील की है। संवाद