कोतवाली बाजार के तहत आते मैक्सिमस मॉल के पास खोदी गई सड़क। - संवाद
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला के तहत कोतवाली बाजार के तहत मैक्सिमस मॉल के पास नवनिर्मित स्मार्ट रोड को नाजायज तरीके से खोदने पर स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने कड़ा संज्ञान लिया है। प्रबंधन ने इस संबंध में एक होटल कारोबारी के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने आरोप लगाया कि मैक्सिमस मॉल के समीप एक होटल कारोबारी ने अपने होटल को सीवरेज कनेक्शन से जोड़ने के लिए मुख्य सड़क की खोदाई की है। प्रबंधन का कहना है कि यह कार्य बिना किसी पूर्व अनुमति के रात के समय अंजाम दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि कारोबारी ने सड़क खोदने के लिए एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) विभाग से एनओसी ली है, जबकि यह सड़क पूरी तरह से स्मार्ट सिटी प्रबंधन के अधीन आती है। प्रबंधन के अनुसार हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान इस मार्ग की टारिंग कर इसे चकाचक किया गया था, जिसे अब नुकसान पहुंचाया गया है।
स्मार्ट रोड पर किसी भी कार्य के लिए प्रबंधन की एनओसी अनिवार्य है। होटल मालिक ने बिना जानकारी दिए एनएच से अनुमति लेकर सड़क को नुकसान पहुंचाया है। इसकी शिकायत पुलिस में कर दी गई है। -केवल शर्मा, एसडीओ, स्मार्ट सिटी धर्मशाला।
स्मार्ट सिटी प्रबंधन की ओर से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -अशोक रत्न, एसपी कांगड़ा