फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, बनखंडी में गूंजेगी शेर की दहाड़

विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मशाला। जिले के देहरा क्षेत्र के बनखंडी में बन रहा दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 619 करोड़ रुपये की लागत से 232 हेक्टेयर में विकसित हो रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जनवरी 2027 में इसके लोकार्पण की तैयारी है। 78 प्रजातियों के वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित हो रहा यह आधुनिक प्राणी उद्यान न केवल प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा, बल्कि रोजगार और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी मील का पत्थर साबित होगा।
विज्ञापन

अगले वर्ष जनवरी की ठंडी सुबहों के साथ यहां जंगल का असली रोमांच भी दस्तक देगा, जहां शेर की दहाड़, भालू की मस्ती और हिरण व बारहसिंगा की अठखेलियां पर्यटकों का मन मोह लेंगी। एशिया के सबसे बड़े चिड़ियाघरों में इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को शामिल किया गया है। 2027 में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसका लोकार्पण कर सकते हैं।
बरसात के कारण पहले निर्माण कार्य की रफ्तार प्रभावित हुई थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से मौसम साफ रहने के कारण काम ने तेजी पकड़ ली है। इस मेगा प्रोजेक्ट को 619 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। अब तक सरकार 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर चुकी है, जिनमें से 125 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।
विज्ञापन

अगले साल 86 हेक्टेयर क्षेत्र में शुरू होगा कार्य
चिड़ियाघर के लिए कुल 232 हेक्टेयर भूमि वन्य प्राणी विभाग के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है। एनएच के एक ओर 146 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण जारी है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग के दूसरी तरफ स्थित शेष 86 हेक्टेयर क्षेत्र में अगले वर्ष से काम शुरू होगा। अब तक पशु चिकित्सालय, 17 अलग-अलग बाड़े, क्वारंटीन सेंटर और प्रशासनिक भवन का 70 प्रतिशत से अधिक निर्माण पूरा हो चुका है। जानवरों के लिए पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नौ चेकडैम बनाए गए हैं। इनमें छह बड़े और तीन छोटे आकार के हैं। इसके अलावा 6.2 किलोमीटर लंबी चहारदीवारी प्रस्तावित है, जिसमें से 5.2 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है।
विभिन्न एजेंसियों को सौंपी जिम्मेदारी-
परियोजना के अलग-अलग कार्य विभिन्न एजेंसियों के पास हैं। हिमुडा के पास चहारदीवारी और चेकडैम का कार्य है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के पास प्रशासनिक भवन, अस्पताल, क्वारंटीन सेंटर और बाड़े बनाने का काम है। जलशक्ति विभाग के पास पेयजल टैंक व पाइपलाइन का कार्य, राज्य बिजली बोर्ड के पास डेडीकेटिड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम है।
इन कार्यों का टेंडर होना शेष
अब प्रवेशद्वार, टिकट प्लाजा, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, कार्यशाला भवन, सुरक्षा कर्मी कक्ष और सोलर सिस्टम जैसे कार्यों के लिए जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे। इस पर करीब 124 करोड़ रुपये होंगे।
बनखंडी में बन रहे दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान का निर्माण इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री स्वयं इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहे हैं और सभी निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

- आर.एल. सांगा, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन्य प्राणी), हिमाचल प्रदेश
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें