पालमपुर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल पालमपुर में प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग का निर्माण एक सप्ताह के भीतर शुरू होने जा रहा है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ को पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
पुराने डिजाइन में तकनीकी खामियों और जगह की कमी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने नए सिरे से ड्राइंग तैयार करवाई है। पार्किंग में 100 वाहन पार्क करने की क्षमता होगी। अस्पताल परिसर में वाहनों की भीड़ के कारण एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी होती है। पार्किंग बनने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय निवासी गोपाल सूद, मनीष कुमार, अनुराग शर्मा, कुलदीप कुमार और आदित्य ने पार्किंग निर्माण के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज आते हैं लेकिन उचित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं। इससे जाम की स्थिति बनती है। नई पार्किंग बनने से अस्पताल परिसर और आसपास की सड़कों पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
नागरिक अस्पताल में प्रस्तावित पार्किंग का काम एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। पुराने डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिस कारण काम में थोड़ी देरी हुई है। जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सार्थक सूद, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग पालमपुर