धर्मशाला। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार ने खुद छह विधायकों को बाहर किया और इसका दोष भाजपा पर लगा रही है। शुुक्रवार को डॉ. बिंदल ने धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता का एक सार्वजनिक जनसभा का वीडियो दिखाया, जिसमें कांग्रेस की ओर से सार्वजनिक चुनावी जनसभा में कहा गया है कि हमने छह विधायकों के सिर कलम कर दिए हैं और तीन निर्दलीय विधायक कांग्रेस के आरे के नीचे हैं, जो कि थर्र-थर्र कांप रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों के प्रति कांग्रेेस ऐसी सोच रखती है, इसकी भाजपा निंदा करती है। उन्होंने कहा कि छह विधायकों को बाहर करने को सरकार और कांग्रेस पार्टी अपनी उपलब्धि मान रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरुनी लड़ाई के कारण चुने हुए विधायकों के साथ ऐसा किया गया। डॉ. बिंदल ने कहा कि इस वीडियो में कहे गए शब्दों के संबंध में कानूनी राय ली जाएगी और भाजपा इसकी कड़ी निंदा करती है।