धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के जोगीबाड़ा स्थित रेस्टोरेंट में काम करने वाली लड़की ने किसी अन्य युवक के साथ बात की तो एकतरफा प्यार में अंधे दूसरे साथी ने युवती पर हमला कर दिया। यह कबूलनामा युवती पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए नेपाली मूल के गौरव कुमार ने पुलिस पूछताछ के दौरान किया है। पुलिस पूछताछ ने आरोपी ने कबूला है कि वह युवती से एकतरफा प्यार करता था। इस दौरान वह किसी अन्य युवक से बात कर रही थी, जो कि उसे नागवार गुजरा। इसके चलते उसने युवती चाकू से हमला किया था।
गत वीरवार को पुलिस थाना मैक्लोडगंज के तहत अरुणाचल प्रदेश निवासी पीड़िता की बहन दुलु चकमा ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि बुधवार रात को जब उसकी बहन रेस्टोरेंट को बंद कर रही थी तो उसी समय रेस्टोरेंट में कुक का काम करने वाला आरोपी गौरव वहां आया और उसकी बहन पर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेपाली मूल के गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, दूसरी ओर युवती का उपचार टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। जहां पर उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
दो दिन की रिमांड पर भेजा आरोपी
पुलिस थाना मैक्लोडगंज के तहत जोगीवाड़ा स्थित रेस्टोरेंट में कार्य करने वाली लड़की पर हमला करने के आरोपी सहकर्मी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान न्यायालय ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
युवती पर हमला करने के आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। टांडा मेडिकल काॅलेज में उपचाराधीन लड़की की स्थिति में सुधार हो रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
- हितेष लखनपाल, एएसपी, कांगड़ा