पंचरुखी (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में सोमवार सुबह सफाई व्यवस्था के दौरान एक सफाई कर्मचारी और निजी बस के परिचालक के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार सुबह सफाई कर्मचारी बिल्सन कुमार पंचरुखी बाजार में सफाई कार्य कर रहा था। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक निजी बस को उसने कार्य प्रभावित न होने देने के लिए रुकने का इशारा किया। इसी बात को लेकर बस परिचालक और सफाई कर्मचारी के बीच बहस शुरू हो गई और दोनों आपस में भिड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रधान विनोद भूरिया मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस दोनों पक्षों को पंचरुखी थाना ले गई, जहां पंचायत प्रधान की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।
दोनों पक्षों ने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात स्वीकार की। उधर, पंचायत प्रधान विनोद भूरिया और बाजार कमेटी के प्रधान सुदर्शन अवस्थी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार में बसों के रुकने का समय निर्धारित किया जाए ताकि यातायात और बाजार की व्यवस्था प्रभावित न हो।