धर्मशाला। वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत सामुदायिक और व्यक्तिगत वन अधिकारों के दावों का शीघ्र निपटारा करने की मांग को लेकर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति और अन्य पारंपरिक वन निवासी समुदायों का प्रतिनिधिमंडल तपोवन विधानसभा परिसर पहुंचा।
धर्मचंद कपूर की अध्यक्षता में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि धर्मशाला तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव मौजा मोहाल, अंदराहड़, सलिग, कंड करडियाणा, जूहल, स्लेट गोदाम, कस्वा, सौकणी द कोट, टऊ और चोहला की ग्राम सभाओं ने वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन अधिकारों के दावे प्रस्तुत किए हैं।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इन ग्राम सभाओं की ओर से वन भूमि पर अधिकारों की मान्यता के लिए नियम 6(ठ) के प्रारूप क और नियम 11(1) के तहत दावे उपमंडल स्तरीय समिति (एसडीएलसी) के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं। मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इन दावों के शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। संवाद