जवाली (कांगड़ा)। नगर पंचायत जवाली के वार्ड नंबर सात में बन रही गली का कार्य 15 दिनों से बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर सात के निवासी अवतार सिंह, महिंदर सिंह, लवली कुमार, करण मेहरा, केवल कृष्ण, इंद्र पाल, जोगिंद्र सिंह, वीर सिंह, रमन कुमार, करनैल सिंह, जनक सिंह, शेर सिंह, रूप लाल, आशीष कुमार, राज कुमार, बिहारी लाल, गोबिंद, महिला मंडल प्रधान आशा देवी, सुशील कुमार, अजय कुमार, कर्म चंद, गोविंद, उषा देवी, दुर्गेश कुमार, बलदेव सिंह, फांदी राम आदि ने कहा कि ठेकेदार ने इस गली में टाइल डालने का कार्य शुरू किया था, लेकिन पिछले करीबन 15 दिनों से कार्य बंद पड़ा है। पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड नाली बनाई जा रही है, जिसके लिए बिना खुदाई किए ही सीमेंटेड पाइप डाल दी गई है।
चैंबर खुले पड़े हुए हैं, जिनको जालियां या ढक्कन नहीं लगाए गए हैं। खुदाई के कारण उबड़-खाबड़ पड़ी गली से खासकर बुजुर्गों व बच्चों का घर से आना मुश्किल हो रहा है। दोपहिया वाहन भी घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। चैंबर खुले होने से कभी भी कोई भी बच्चा या बुजुर्ग उसमें गिरकर चोटिल हो सकता है। खासकर रात के अंधेरे में खुले चैंबरों का पता ही नहीं चल पाता है। कहीं पर आधी गली में टाइल डालकर उसको छोड़ दिया जा रहा है, तो कहीं पर चैंबर ही नहीं बनाए जा रहे हैं। अधिकतर अंडरग्राउंड नालियां ब्लॉक होनी शुरू हो गई हैं। लोगों ने कहा कि आगे मकानों के काम लगाए हुए हैं लेकिन गली का कार्य न होने से अब मैटीरियल घर तक नहीं पहुंच पा रहा है। नगर पंचायत का कोई भी कर्मी कार्य को देखने के लिए मौके पर नहीं आता है। वार्डवासियों ने मांग की है कि अतिशीघ्र गली का कार्य पूरा करवाया जाए अन्यथा नगर पंचायत कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर बाध्य होंगे। उधर, नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता माणिक गुप्ता ने कहा कि ठेकेदार को अतिशीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस कार्य को पूरा कर दिया जाएगा।