53 मील में बनेगी नई सब्जी मंडी, किसानाें हित के लिए जल्द ही लगाए जाएंगे कृषि व बागबानी के शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगड़ा। विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा में 53 मील के पास कराेड़ाें रुपये की लागत से बनने वाली सब्जी मंडी का शिलान्यास मई माह के पहले सप्ताह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। यह जानकारी रविवार काे कृषि उपज बाजार समिति के अध्यक्ष निशु मोंगरा ने जटेहड़ गांव में लाेगाें की समस्याएं सुनने के बाद दी।
उन्हाेंने कहा कि सब्जी मंडी के बनने से कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ नगरोटा बगवां, धर्मशाला और शाहपुर क्षेत्राें के किसानों को लाभ होगा और यह सब्जी मंडी किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस दाैरान उन्हाेंने लाेगाें की समस्याएं सुनीं और कुछ का माैके पर ही निपटारा कर दिया। मोंगरा ने कहा कि पलेरा पंचायत के जटेहड़ गांव में शेड के लिए राशि मुहैया करवाई जाएगी और कांगड़ा जिला में किसान हित के लिए जल्द ही कृषि व बागबानी आदि विभागों के शिविर लगाए जाएंगे। इसमें किसानों को विभागीय योजनाओं के अलावा आधुनिक किस्म के बीज भी बांटे जाएंगे।