धर्मशाला। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने उपभोक्ताओं से सोने के आभूषण खरीदने से पहले हॉलमार्क की जांच करने की अपील की है। बुधवार को उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीआईएस परवाणू शाखा के संयुक्त निदेशक शुभम तिवारी ने बताया कि प्रत्येक हॉलमार्कयुक्त आभूषण पर बीआईएस का चिह्न, शुद्धता का अंकन और छह अंकों का एचयूआईडी कोड होना अनिवार्य है। उपभोक्ता बीआईएस केयर मोबाइल एप से एचयूआईडी की सत्यता भी जांच सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों, उपभोक्ता संरक्षण और प्रमाणित उत्पादों के महत्व से अवगत कराना है। आईएसआई प्रमाणित उत्पाद खरीदने से गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा यह प्रमाणित करता है कि उत्पाद भारतीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
अधिकारियों को बताया गया कि बीआईएस की वेबसाइट पर आईएसआई और बीआईएस प्रमाणित उत्पादों, लाइसेंस सत्यापन, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों, प्रयोगशालाओं और हॉलमार्किंग केंद्रों की जानकारी उपलब्ध है। उपभोक्ता शिकायतों के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 14404 और टोल फ्री नंबर 1800-11-4000 पर भी संपर्क किया जा सकता है।