बैजनाथ (कांगड़ा)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चौथे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने कहा कि संस्थान लगातार तकनीकी शिक्षा की बेहतरी के लिए कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में संस्थान में दीक्षांत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्यातिथि के रूप में संस्थान प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष राज कुमार कौडा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण आज के समय में आत्मनिर्भरता की कुंजी है। समारोह के दौरान 2023 से 2025 बैच के मोटर मेकेनिक व्हीकल, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर एवं कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड के प्रशिक्षुओं को उत्तीर्ण होने पर मोमेंटो और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और संस्थान में प्राप्त प्रशिक्षण को अपने जीवन में मार्गदर्शक बताया। प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि आईटीआई बैजनाथ सदैव गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में अमित पुरोहित, रमेश, अनुदेशक संदीप शर्मा, प्रियंका, रमेश कुमार, राजेश कुमार, ओमपाल दत्त, करण आदि मौजूद रहे।