रैहन (कांगड़ा)। पौंग बांध के बीच पानी से घिरे कुठेड़ा टापू पर 10 दिन से फंसे गोवंश को आखिरकार सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
समाजसेवी रमेश दत्त कालिया के आग्रह पर तहसीलदार फतेहपुर दीपक शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किश्ती व वन्य प्राणी विभाग की मोटरबोट की मदद से गोवंश का रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू अभियान में बाड़ी पंचायत के प्रधान रविंद्र बग्गा और हड़वाल पंचायत के उपप्रधान मोहन सिंह ने भी सहयोग किया। गोवंश को टापू से सुरक्षित बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद टापू पानी में डूब गया। ऐसे में समय रहते किए गए रेस्क्यू से गोवंश की जान बच गई।
समाजसेवी रमेश दत्त कालिया ने सफल रेस्क्यू अभियान के लिए तहसीलदार दीपक शर्मा और उनकी टीम का आभार जताया।