पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश सरकार की ओर से कृषि विभाग के माध्यम से किसानों से गोबर (कंपोस्ट) की खरीद शुरू कर दी है। इसलिए गोबर बेचने के लिए इच्छुक पशुपालक अपने विकास खंड में कृषि अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक कांगड़ा डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि इस वर्ष जिला कांगड़ा में 10 मार्च तक 32 किसानों से 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 333 क्विंटल गोबर की खरीद कर ली है। जब भी कोई पशुपालक गोबर बेचने के लिए कृषि विभाग से संपर्क करेगा तो उस विकास खंड के कृषि अधिकारी किसान के घर जाकर निरीक्षण करेंगे। ऐसा करने के लिए कृषि अधिकारी सैंपल भी ले सकते हैं।
गोबर की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के बाद कृषि अधिकारी ऐसे पशुपालकों की सूची अनुबंधित कंपनी को देंगे, जो किसान से 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कंपोस्ट खरीदेंगे। गोबर को अलग-अलग मात्रा में बोरियों में डाल कर कृषि विभाग के गोदाम तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इस गोबर को कृषि विभाग द्वारा अन्य किसानों को आठ रुपये की दर से बिक्री की जाएगी, ताकि एक ओर तो पशुपालकों की आमदन में वृद्धि होगी और दूसरी ओर आर्गेनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। इसलिए जिन किसानों को अपने खेतों में डालने के लिए गोबर की आवश्यकता हो तो ऐसे किसान भी कृषि विभाग से गोबर खरीदने के लिए संपर्क कर सकते हैं।