महिलाओं को टक्कर मारकर भागा कार चालक
दो अन्य गाड़ियों को मारी टक्कर
जाम में फंसने पर पकड़ा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
योल (कांगड़ा)। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती योल बाजार में शनिवार दोपहर 12:15 बजे एक कार चालक ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दोनों महिलाओं को चोटें आई हैं और उनको उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया। टक्कर के बाद आरोपी कार चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया। उसने कार से दो अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। वहीं, आगे जाम के चलते वाहन के रुकने के कारण लोगों ने उसको पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
शनिवार दोपहर को दाड़नू निवासी निर्मला अपनी बहू के साथ योल बाजार में खरीदारी करने आई थी। बाजार में खरीदारी के बाद वह वापस योल बस स्टॉप की ओर जा रही थीं कि इसी दौरान कार चालक की लापरवाही से दोनों के साथ टक्कर हो गई। टक्कर से दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं, जिन्हें चोटें आईं। आरोपी कार चालक नगरोटा बगवां का बताया जा रहा है। स्थानीय युवक दोनों घायल महिलाओं को अपनी गाड़ी में धर्मशाला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में एक और युवक था जो भाग गया। गाड़ी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि इससे उसका आगे का शीशा टूट गया और महिला का दुपट्टा भी गाड़ी में ही फंसा रहा। हादसे की सूचना किसी ने पुलिस चौकी योल में दी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। आरोप है कि युवक नशे की हालत में था. पुलिस ने उसका मेडिकल भी करवाया। एएसपी कांगड़ा हितेष लखनपाल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।