धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 21 और 22 जुलाई को विशिष्ट खिलाड़ी वर्ग से डीएलएड की सीटें भरने को काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इस काउंसलिंग के लिए शिक्षा बोर्ड ने 82 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया था। दो दिन चली इस काउंसलिंग प्रक्रिया में 44 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को स्पोर्ट्स कैटेगरी के अनुरूप पाया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा बोर्ड ने धर्मशाला मुख्यालय में स्पोर्ट्स कैटेगरी के तहत डीएलएड की सीटें भरने को 82 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की पड़ताल के लिए शार्ट लिस्ट किया था। इसके लिए दो दिन तक बोर्ड मुख्यालय में काउंसलिंग हुई। इस दौरान 28 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे जबकि 44 अभ्यर्थियों के दस्तावेज स्पोर्ट्स कैटेगरी के अनुरूप पाए गए हैं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को खेलकूद प्रमाणपत्रों के आधार पर अंक प्रदान करने के लिए पात्र नहीं माना गया है तथा जिन्होंने अपने प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करवाए हैं। ऐसे अभ्यर्थी जो स्पोर्ट्स कैटागरी की काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे हैं, अब उनकी स्पोर्ट्स कैटेगरी की पात्रता को रद्द कर दिया है। अब उन्हें मेन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिसके तहत पासिंग क्राइटेरिया के अनुसार व मुख्य मेरिट लिस्ट परिणाम संशोधन किया गया है। इसके तहत स्पोर्ट्स कैटेगरी के 12 अभ्यर्थियों को मेन कैटेगरी में शामिल किया गया है जबकि अन्य अभ्यर्थियों का परिणाम फेल घोषित किया गया है।