कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के नेहरू चौक में 18 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित कैफेटेरिया का शुभारंभ वीरवार को एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने किया। शहर में कैफेटेरिया शुरू होने से शहरवासियों के साथ पर्यटकों को भी फायदा होगा।
चैत्र नवरात्र से पहले कैफेटेरिया को किराये पर देकर जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा। अजय वर्मा ने कहा कि कांगड़ा नगर के विकास में कैफेटेरिया अहम भूमिका निभाएगा। कैफेटेरिया में कॉफी के अलावा शाकाहारी खाना परोसा जाएगा। नगर परिषद के पुराने कार्यालय परिसर को उखाड़ने का कार्य शुरू है और यहां पर लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने बाले बहुमंजिला व्यापारिक परिसर और कार पार्किंग का शीघ्र ही सीएम सुखविंद्र सिंह शिलान्यास करेंगे। प्रदेश सरकार ने इस भवन निर्माण को चार करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है।
तहसील चौक पर 15 लाख रुपये से सेल्फी पॉइंट का निर्माण जारी है, जहां पर पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था होगी। एक महीने भीतर इसका शुभारंभ किया जाएगा। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइट और खंभे कांगड़ा बाईपास से बस अड्डे तक लगाए जा रहे हैं। वार्ड छह में 12 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार चिल्ड्रन पार्क भी जनता को समर्पित किया।
नप के प्रशासक और कार्यकारी अधिकारी रणवीर सिंह वर्मा ने कहा नए कैफेटेरिया भवन के किराये से नप को सालाना आठ लाख रुपये आमदनी होगी। एक साल के भीतर नप का नया परिसर बनकर तैयार होगा।