टीसीपी में शामिल नए क्षेत्रों में भवन बनाने के लिए पहले पास नहीं करवाए जा रहे नक्शे
सचिन चौधरी
धर्मशाला। हाल ही में प्रदेश सरकार की ओर से सूबे में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग का दायरा बढ़ाकर नए गांवों और मोहालों को शामिल किया था। इन क्षेत्रों में टीसीपी एक्ट के तहत निर्माण कार्य किए जाने थे। मगर नए शामिल क्षेत्रों में अब भी बिना टीपीसी के नियमों का पालन किए भवन सहित अन्य इमारतों का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है। यहां पर न तो लोगों की ओर से टीसीपी से नक्शा पास करवाया जा रहा है और न ही अनुमति ली जा रही है।
ऐसे में नए टीसीपी क्षेत्र में बिना प्लानिंग के निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। नए भवनों में न तो सीरवेज, न रेन वाटर हार्वेस्टिंग और न अन्य नियमों का पालन किया जा रहा है। हैरत की बात तो यह है कि लोगों की ओर से बिना प्लानिंग किए जा रहे निर्माण कार्य पर न तो कोई निगरानी रखी जा रही है और न विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, ताकि इस तरह के निर्माण कार्य पर कोई रोक लगाई जा रहे।
जानकारी के अनुसार टीसीपी क्षेत्र में अगर किसी को भवन का निर्माण करना होता है तो इससे पहले टाउन कंट्री प्लानिंग से नक्शा पास करवाना पड़ता है। नक्शे में कम से कम आठ मरले की जमीन होनी चाहिए, जिसमें भवन के चारों और जगह छोड़नी पड़ती है। इसके अलावा सीवरेज, रास्ते आदि का प्रावधान होना चाहिए। नक्शा पास करवाने के लिए लोगों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा और निर्धारित फीस जमा करवानी होगी। वहीं, जमीन सहित अन्य दस्तावेज जमा करवाने के बाद नक्शा पास होता है।
बॉक्स...
बिना नक्शा पास करवाने वालों को नहीं मिलेगा बिजली-पानी कनेक्शन
जानकारी के अनुसार टीसीपी क्षेत्र में जो लोग बिना नक्शा पास करवाए भवनों का निर्माण कर रहे हैं उन्हें बाद में न तो पानी और न ही बिजली का कनेक्शन मिल पाएगा। इसके लिए टीसीपी की ओर से जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड को सख्त निर्देश हैं कि जिन भवन का नक्शा पास नहीं होगा उसे कोई कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
कोट...
टीसीपी क्षेत्र में जो लोग बिना नक्शा पास करवाए भवनों को निर्माण कर रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। नए शामिल क्षेत्रों में अभी लोगों को टीसीपी के नियमों के बारे में जानकारी भी नहीं है। इसके लिए विभाग की ओर से जगह-जगह टीसीपी के नियमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। - रासिक शर्मा, टाउन कंट्री प्लानर धर्मशाला