परागपुर (कांगड़ा)। देवभूमि संघर्ष समिति के बैनर तले मंगलवार को परागपुर बाजार में लोगों ने राधा-कृष्ण मंदिर के सामने सरकार और प्रशासन को चेताते हुए हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया और कई भजन गाकर कीर्तन किया। इस दौरान परागपुर बाजार में जय श्री राम और हिंदू एकता जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। इसके उपरांत संघर्ष समिति ने तहसील परिसर पहुंचकर नायब तहसीलदार परागपुर अश्वनी कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजकर मांग की कि दूसरे राज्यों से पहचान छिपाकर बस रहे अन्य राज्यों के लोगों से प्रदेश की शांति को खतरा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ज्ञापन के बिंदुओं पर तुरंत विचार कर एक दूरगामी सकारात्मक वाली नीति बनाई जाए। देवभूमि संघर्ष समिति संगठनात्मक जिला देहरा के संयोजक सुशील शर्मा ने कहा कि प्रवासियों के आधार कार्डों में एक ही जन्मतिथि का होना पाया जाना भी जांच का विषय है। प्रवासी यहां रोजगार के लिए आता है उसके साथ कई अन्य लोग आते और जाते रहते हैं। इन लोगों का लेखा-जोखा किसी के पास नहीं होता है। इसलिए पुलिस और प्रशासन को पंचायत की सहायता से उनका पिछला रिकार्ड अवश्य खंगालना चाहिए। जो भी प्रवासी परागपुर क्षेत्र में रह रहे हैं उनके स्थायी निवास स्थान के पास स्थित थाना से उनकी वेरिफिकेशन करवाई जाए। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद देहरा के संयोजक पवन बजरंगी, त्रिलोक शर्मा, मनोज शर्मा, देशराज, वरुण शर्मा, संजीव सोनी, अजय शर्मा, अमन शर्मा, सत्या सूद, अमिता आर्य, मधु सोनी, अशोक पटियाल, कृष्ण गोपाल सूद, दीपक पटियाल, सुकेश शर्मा, सुमित शास्त्री, सेंटी शाह, अलका शर्मा और कमलेश शर्मा आदि मौजूद रहे।