धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में आए दिन लगने वाले ट्रेड फेयर, मेलों और कार्निवल से स्थानीय व्यवसायियों का कारोबार घट गया है। बाजार ग्राहकों के बिना सूने पड़े हैं। दाड़ी, कोतवाली बाजार और कचहरी व्यापार मंडल के विरोध के बाद भी नगर निगम और प्रशासन कोई कदम नहीं उठा पाया है।
ट्रेड फेयर का लगातार आयोजन किया जा रहा है। कोतवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुज कश्यप ने कहा कि पुलिस ग्राउंड और दाड़ी मेला ग्राउंड में सालभर में लगभग चार से पांच मेले आयोजित किए जाते हैं। जिसमें कुछ दिनों के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाता है। सांस्कृतिक संध्याएं खत्म हो जाने के बाद भी ट्रेड फेयर कई दिन चलते हैं। जो मैदान बच्चों के खेलने के लिए बनाए गए हैं वे अब केवल व्यापार के लिए उपयोग हो रहे हैं।
पहले ही ऑनलाइन शॉपिंग के चलते स्थानीय दुकानदारों का कारोबार घट चुका है। उधर, देवेंद्र जग्गी ने व्यापार मंडलों को आश्वासन दिया कि अब आगे से जब भी धर्मशाला में कोई भी कार्निवल आयोजित किया जाएगा तो उसमें व्यापार मंडल की राय ली जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्षों ने कहा कि आजकल बच्चों की वार्षिक परीक्षाओं का समय है। देर रात तक डीजे बजने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। व्यापारियों ने नगर निगम धर्मशाला से पूछा है कि लोगों को बताया जाए कि धुम्मू शाह मेले और वर्तमान में करवाए जा रहे स्प्रिंग कार्निवल से कितनी कमाई निगम को हुई है और यह धनराशि कहां खर्च हो रही है।
धर्मशाला में लगातार मेलों का आयोजन किया जाता है। व्यापारियों की ओर से हर वर्ष टैक्स दिया जाता है। इस तरह के मेलों से स्थानीय कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। इसके विरोध के चलते व्यापार मंडलों ने अपनी मांगें प्रशासन सहित धर्मशाला से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी के समक्ष रखी हैं।
- हर्ष ओबरॉय, अध्यक्ष दाड़ी व्यापार मंडल
दाड़ी ग्राउंड में आयोजित ट्रेड फेयर 14 फरवरी को खत्म होना था लेकिन मेले के दुकानदारों से पता चला है कि 25 फरवरी तक चलता रहेगा। इससे धर्मशाला के व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है।
- अनुज कश्यप, अध्यक्ष कोतवाली बाजार व्यापार मंडल
दाड़ी में आयोजित मेलों की पर्चियां काट दी गई हैं। आश्वासन मिला है कि आगे से आयोजित होने वाले मेलों में व्यापार मंडल की राय ली जाएगी। घाटे में जा रहे व्यापारियों को अब और घाटा न हो, इसको लेकर जरूरत पड़ी तो आरटीआई डालकर पता किया जाएगा कि प्रशासन को इन मेलों से कितना लाभ हो रहा है।
- मुनीष लुथरा, अध्यक्ष कचहरी व्यापार मंडल