फतेहपुर उपमंडल की पंचायत धमेटा के गांव समकड़ में बीएसएफ जवान अनुज भारद्वाज को श्रद्धांजलि देते
52 वर्षीय सैनिक अनुज का गंभीर बीमारी से हुआ था निधन
संवाद न्यूज एजेंसी
रैहन (कांगड़ा)। उपमंडल फतेहपुर की पंचायत धमेटा के गांव समकड़ के बीएसएफ जवान अनुज भारद्वाज का शनिवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों लोग नम आंखों से अपने लाल को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक अनुज (52) भारद्वाज पिछले करीब एक माह से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका उपचार चंडीगढ़ के एक अस्पताल में चल रहा था।
अस्पताल में 30 अक्तूबर को उनका निधन हो गया और शुक्रवार शाम जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव समकड़ पहुंचा, तो पूरा इलाका गम में डूब गया। अनुज बीएसएफ की 168 बटालियन अमृतसर में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह अपने पीछे वे 82 वर्षीय पिता ओम प्रकाश, पत्नी और दो बेटे 24 वर्षीय विशांत और 22 वर्षीय निशांत को छोड़ गए हैं। शनिवार को जवान की अंतिम यात्रा में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। बनोई से पहुंचे बीएसएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। जवान के बड़े बेटे विशांत से अपने पिता को मुखाग्नि दी।
बीएसएफ की ओर से आईजी जीवन किशोर, अभिषेक गुप्ता और इंस्पेक्टर मोहिंद्र सिंह ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व वन मंत्री राकेश पठानिया और पूर्व आईएएस विकास लाबरू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और जवान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। जवान के अंतिम संस्कार के समय फतेहपुर प्रशासन और सरकार की तरफ से कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा, जिसका जवान के परिजनों और क्षेत्र वासियों को मलाल रहा। संवाद