धर्मशाला। गगल एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत अब विस्तारित क्षेत्र की सीमा जमीन पर स्पष्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। पीएनबी गगल से इच्छी चौक होते हुए बैदी गांव तक प्रस्तावित सीमा पर बाउंड्री पिलर लगाए जाएंगे।
इसके लिए पर्यटन विभाग ने फंड की डिमांड भेजी है। फंड मिलते ही पिलर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। पिलर लगने के बाद अधिगृहीत और प्रस्तावित एयरपोर्ट क्षेत्र की मौके पर स्पष्ट पहचान हो सकेगी।
इससे प्रभावित क्षेत्र में नए निर्माण और भूमि के उपयोग पर प्रशासनिक नियंत्रण भी मजबूत होगा। साथ ही, सीमा को लेकर असमंजस की स्थिति से भी बचने में मदद मिलेगी।
एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत रनवे विस्तार के साथ मांझी खड्ड पर प्रस्तावित रनवे ब्रिज, संपर्क मार्ग और अन्य सहायक ढांचे विकसित किए जाने हैं। गगल, इच्छी और बैदी क्षेत्र परियोजना के दायरे में शामिल हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आने वाली पर्यटन विभाग के अधीन भूमि के लिए बाउंड्री पिलर लगाने की तैयारी की जा रही है। विभाग को फंड मिलते ही पिलर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।