कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत सदरपुर से बोलेरो चोरी करने के आरोपी को टांडा चौकी पुलिस ने कुछ ही घंटे में पकड़कर चोरी के मंसूबे फेल कर दिए। बुधवार रात टांडा के पास सदरपुर में एक निजी पार्किंग से एक बोलेरो को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। वाहन देविंद्र कालरा का है, जिन्होंने मामले की सूचना टांडा पुलिस चौकी के प्रभारी को दी।
हरकत में आते ही पुलिस ने कार सहित चोर को कांगड़ा के मटौर पुल के पास रोक लिया। वाहन मालिक और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी हुई बोलेरो को बरामद करने के साथ आरोपी को पकड़ने में भी मदद मिली। पुलिस चौकी टांडा के प्रभारी एएसआई राकेश की ओर से यह मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान राहुल (25) निवासी रजियाणा के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां उसे दो दिनों की पुलिस हिरासत पर भेज दिया है।