नूरपुर जेल में बंद था आरोपी, अदालत की अनुमति के बाद हरिपुर लाई पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलेर (कांगड़ा)। हरिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव में नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय (20) निवासी जवाली के रूप में हुई है। वह किसी अन्य मामले में नूरपुर जेल में बंद था। हरिपुर पुलिस उसे जेल से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर थाने पहुंची।
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को बिलासपुर गांव में एक घर से करीब 70 हजार रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी हुए थे। इस मामले में पुलिस पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है, जो न्यायिक हिरासत में है। अब दूसरे आरोपी से पूछताछ कर चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
एएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि यह भी पता लगाया जाएगा कि चोरी के आभूषण और नकदी कहां रखे गए हैं और वारदात में कितने लोग शामिल थे। चोरी का सामान बेचने और उसे ठिकाने लगाने में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होगी।