हरिपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के तहत बुधवार देर रात एक बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश चौधरी (24) पुत्र विचित्र सिंह निवासी डुग्गी तहसील जवाली के रूप में हुई है। युवक मत्स्य विभाग में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार आकाश चौधरी अपने मामा के घर हरिपुर में रहता था और बाइक पर देहरा से हरिपुर की ओर आ रहा था। इस दौरान रात करीब पौने 12 बजे देहरा-हरिपुर सड़क मार्ग पर हरिपुर के विद्युत कार्यालय के समीप वह बाइक से गिर गया।
इसके चलते उसके नाक और कान से खून बहाना शुरू हो गया। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि वहां मौके पर कुछ लावारिस पशु भी थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि पशुओं को बचाते समय उसकी बाइक फिसलकर गिर गई होगी और वह चोटिल हो गया। इस दौरान नगरोटा सूरियां की ओर से आ रहे एक वाहन में सवार कुछ लोगों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना हरिपुर से एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने युवक को सीएचसी हरिपुर उपचार के लिए पहुंचाया लेकिन युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर कर दिया, जहां पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बाद टांडा में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवक की अभी शादी नहीं हुई थी।