कांगड़ा। कांगड़ा के मुख्य बाजार में वनवे व्यवस्था सख्ती से लागू करने के आश्वासन नवरात्र के दौरान खोखले साबित हो गए हैं। दिन में कई बार वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते देखे जा रहे हैं। इसके चलते बाजार में जाम की स्थिति बन रही है और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से बाजार के दोनों प्रवेश द्वारों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, लेकिन इसके बावजूद भी वाहन चालक नियमों की अवहेलना करते देखे जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा तहसील चौक से लेकर मेला चौक तक वनवे व्यवस्था काफी समय से लागू की गई है, लेकिन कई बार यहां पर वनवे व्यवस्था पटरी से उतरती देखी जा सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां पर सख्ती से वनवे व्यवस्था लागू की जाए। यही नहीं, मालवाहक भी अपनी मनमर्जी से सड़क के बीचोंबीच अपने वाहन खड़े कर देते हैं।
उधर, थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि कांगड़ा पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।