फतेहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में कर्मचारी और मजदूर वर्ग की लंबित मांगों पर सरकार के ढुलमुल रवैये के खिलाफ भारतीय मजदूर संघ (भामसं) ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने बुधवार को प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। भामसं का आरोप है कि बार-बार ज्ञापन देने और वार्ता के बावजूद सरकार मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है, जिससे श्रमिक वर्ग में गहरा असंतोष है।
भामसं के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने कहा कि बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों, उपमंडलों और तहसील मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान उपायुक्तों और एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। फतेहपुर में भी सुबह 10 बजे सब्जी मंडी से विरोध रैली निकाली जाएगी, जिसका समापन एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के साथ होगा।
मदन राणा ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो संगठन व्यापक संघर्ष के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई मजदूर और कर्मचारी वर्ग के हितों की रक्षा के लिए है। प्रदेशभर में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बड़ी संख्या में एकत्रित होकर अपनी ताकत दिखाएं।