धर्मशाला। धर्मशाला कॉलेज में इस शैक्षणिक सत्र से बीकॉम के अंतर्गत बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस (बीएफएसआई) और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एचआरएम) जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन दोनों कोर्सों की पहली मेरिट सूची में 35 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला है। इससे पहले इन विषयों में डिग्री हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को प्रदेश से बाहर के शिक्षण संस्थानों का रुख करना पड़ता था।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार बदलते रोजगार बाजार और उद्योगों की मांग को ध्यान में रखते हुए इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है। बीएफएसआई के माध्यम से विद्यार्थियों को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी जबकि एचआरएम पाठ्यक्रम मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए लाभकारी होगा।
नई शिक्षा नीति के तहत शुरू किए गए इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध होगी। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन फीस जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने बताया कि दोनों नए पाठ्यक्रमों में करीब 60 सीटें उपलब्ध हैं। अभी विद्यार्थियों को इन कोर्सों की पूरी जानकारी नहीं है। बीकॉम में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इन पाठ्यक्रमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि आने वाले समय में इन कोर्सों की मांग बढ़ेगी और विद्यार्थियों को निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त होंगे।