भवारना (कांगड़ा)। सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी भवारना ने ग्राम पंचायत मालनू में दो दिन निरीक्षण कर पंचायत के अंतर्गत चल रही विकासात्मक योजनाओं का लेखा-जोखा जाना। उनका भौतिक निरीक्षण भी किया। पहले दिन के कार्यक्रम में विकास खंड के अंतर्गत गांव लोअर मालग में आवास योजना के लाभार्थियों से मिले। उन्होंने योजना के तहत बनाए जा रहे आवास देखे तथा मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को बरसात से पहले योजना के सभी आवास तैयार करने के आदेश दिए।
सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी चंद्रा प्रकाश ने ग्राम पंचायत मालनू में गांव लोअर मालग में विकास में पिछड़ी गरीब बस्ती का दौरा भी किया। उस गांव में मूलभूत सुविधा देने और सोक पिट बनाने के आदेश दिए। निरीक्षण के दूसरे दिन एनआरएलएम के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के लाभार्थियों की बैठक भी हुई।
इस अवसर पर अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह के लाभार्थियों से स्वावलंबन बनने के लिए ज्यादा से ज्यादा स्वरोजगार का कार्य करने का अनुरोध किया। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विकास खंड भवारना के सभी नोडल अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्राम पंचायत मालनू की अति पिछड़ी गरीब अनुसूचित जाति की बस्ती की पहचान की, जहां अभी तक अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। इसके लिए उस गांव में मूलभूत सुविधा प्रदान करने के लिए पंचायत कर्मचारियों को आवश्यक आदेश दिए।