लंबागांव (कांगड़ा)। कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुर में सोमवार को ड्रग एब्यूज और एंटी रैगिंग कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल कोर्ट जयसिंहपुर की न्यायाधीश निकिता ताहिम मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्परिणाम, रैगिंग की विधिक रोकथाम और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडवोकेट अरुण चौधरी ने किया, जिन्होंने छात्रों को नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि निकिता ताहिम ने वीडियो प्रस्तुति और संवादात्मक सत्र के माध्यम से छात्रों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों और नशीले पदार्थों से संबंधित विधिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है।
निकिता ताहिम ने विद्यार्थियों को चेताया कि मादक पदार्थों का सेवन कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर गंभीर परिणाम लाता है। उन्होंने विभिन्न प्रकार के नशे करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई की भी जानकारी दी। इस अवसर पर एडवोकेट साहिल डोगरा, जितेंद्र कुमार, अंकिता और विवेक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।