धर्मशाला। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज में प्रदेश सरकार ने रोगियों के तीमारदारों के ठहरने के लिए नवनिर्मित सराय का संचालन जिला रेडक्रास सोसायटी करेगी, ताकि तीमारदारों को रियायती दरों पर ठहरने की सुविधा मिल सके। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए सराय का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है और आवश्यक सुविधाएं यहां पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। तीमारदारों को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए।
सरकार की ओर से रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके साथ ही तीमारदारों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। टांडा में निर्मित सरायें में 10 डोरमैटी कमरे, इसके अतिरिक्त सात अटैच बाथरूम वाले कमरे हैं, जिसमें रियायती दरों पर तीमारदारों को मुहैया करवाए जाते हैं। जिन व्यक्तियों को टांडा मेडिकल कालेज में ठहरने के लिए कमरे चाहिए हों वे रेडक्रास सराय में दूरभाष 01892-292111 में संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि रेडक्रास सोसायटी समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों को लेकर आगे बढ़ रही है और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह करते हुए कहा कि रेडक्रास सोसायटी के साथ जुड़कर समाज सेवा के प्रकल्प में अपना रचनात्मक सहयोग सुनिश्चित करें।