चोर मोटर खोलने में नाकाम, दो दिन पहले चकवाड़ी में भी चोरी हुई थीं बिजली की तारें
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। ढसोली स्थित कन्याट ट्यूबवेल में सोमवार रात चोरों ने ताला तोड़कर मोटर चोरी करने का प्रयास किया। तारें काटने और नट-बोल्ट खोलने के बावजूद वे मोटर नहीं निकाल सके।
ट्यूबवेल ऑपरेटर बंटी पडवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह ट्यूबवेल पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो मोटर की तारें कटी हुई थीं और उसके बोल्ट खोलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली चाबी भी टूटी मिली। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक मोटर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। चोर कोई सामान नहीं ले जा सके, हालांकि परिसर में नुकसान पहुंचाया।
बंटी पडवाल ने घटना की सूचना जल शक्ति विभाग जवाली के कनिष्ठ अभियंता निर्मल सिंह को दी। निर्मल सिंह ने बताया कि विभाग को कन्याट ट्यूबवेल में चोरी की कोशिश की जानकारी मिली है। विभाग की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में ट्यूबवेलों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दो दिन पहले फतेहपुर की चकवाड़ी पंचायत के ट्यूबवेल से चोर बिजली की तारें चोरी कर ले गए थे। लोगों ने विभाग और प्रशासन से ट्यूबवेलों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।