पंचरुखी (कांगड़ा)। ग्राम सुधार सभा भुआना के अंतर्गत चौकी गांव (राख) के ग्रामीणों ने सभा के निवर्तमान प्रधान पर पिछले 10 वर्षों से आय-व्यय का कोई हिसाब न देने का आरोप जड़ा है। ग्रामीणों ने हिसाब लेने के लिए तीन बार सुधार सभा की बैठक बुलाई, लेकिन प्रधान एक बार भी उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते मजबूरन सभा के सदस्यों को नए सिरे से चुनाव करवाना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि करीब 26 परिवारों की मौजूदगी में संपन्न हुए इस चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें करतार चंद को प्रधान, रणजीत शास्त्री को अध्यक्ष, विशाल राखा को सचिव, देस राज को कोषाध्यक्ष और सतीश कुमार को स्टोर इंचार्ज चुना गया। ग्रामीणों का कहना है कि अब पूर्व प्रधान से सभा का हिसाब लेने के लिए उन्हें कानून का सहारा लेना पड़ रहा है।
उधर, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि आज तक किसी ने भी उनसे सुधार सभा का हिसाब नहीं मांगा। जब भी वह किसी काम से घर से बाहर होते थे, तब ये लोग बैठक रख लेते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुख्य रूप से गांव वासियों की ही कमेटी है और वे जब चाहें उनसे पूरा हिसाब ले सकते हैं।