राज्यस्तरीय बैसाखी मेले से पहले कालेश्वर महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण करते एएसपी नवदीप सिंह।
- फोटो : Samvad
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। राज्यस्तरीय वैशाखी मेले के मद्देनजर देहरा जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) देहरा नवदीप सिंह ने कालेश्वर महादेव मंदिर परिसर का दौरा कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुचारू दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। रूट प्लान और पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे मेले क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
इसके अलावा, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीमें भी तैनात होंगी।
इस बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहरा नवदीप सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवाद