वीकेंड पर 30 फीसदी पहुंची होटलों में ऑक्यूपेंसी
पर्यटन निगम के होटलों में आगामी दिनों के लिए हो रही एडवांस बुकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने के बाद पर्यटक फिर हिमाचल की ओर रुख करने लगे हैं। पर्यटन सीजन के मद्देनजर अभी इतने ज्यादा पर्यटक नहीं पहुंच रहे हैं, लेकिन भारत-पाक बॉर्डर पर तनाव के समय के मुकाबले अब फिर धर्मशाला-मैक्लोडगंज के होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़ने लगी है। शनिवार को पर्यटन नगरी के होटलों में करीब 30 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। वहीं, आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटकों की ओर से एडवांस बुकिंग को लेकर संपर्क भी किया जा रहा है।
भारत-पाक बॉर्डर पर उपजे तनाव और हमलों के चलते पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज में पर्यटकों की आवाजाही नाम मात्र ही रह गई थी। इस दौरान धर्मशाला होटल एसोसिएशन की ओर से पर्यटकों के लिए 50 फीसदी डिस्काउंट का ऐलान किया गया था। पिछले सप्ताह भी वीकेंड पर धर्मशाला में करीब 35 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही थी। वहीं, इस वीकेंड पर शनिवार को होटलों में करीब 30 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही।
कोट्स:
- शनिवार को होटलों में 25 से 30 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। आने वाले दिनों में ऑक्यूपेंसी बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटकों की ओर से बुकिंग के लिए संपर्क भी किया जा रहा है।
- अश्वनी बांबा, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, धर्मशाला
- होटलों में शनिवार को 30 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। पर्यटन निगम के होटलों में आने वाले दिनों के लिए बाहरी राज्यों के पर्यटकों की ओर से बुकिंग करवाई जा रही है।
- कैलाश ठाकुर, एजीएम पर्यटन विकास निगम, धर्मशाला