धर्मशाला। बरसात का मौसम शुरू होते ही जिले में विभिन्न किस्मों के आम बाजार में पहुंचने लगे हैं। जिला मुख्यालय में इस बार स्थानीय दशहरी आम की आवक काफी कम है। विक्रेताओं के अनुसार उन्हें सामान्य से केवल करीब 40 फीसदी ही सप्लाई मिल रही है। इसका असर बाजार में भी दिखाई दे रहा है। कम उपलब्धता के चलते लोकल दशहरी आम 100 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है।
विक्रेताओं का कहना है कि दशहरी आम का उत्पादन कम होने से सप्लाई प्रभावित हुई है। अभी सीजन की शुरुआत है और आने वाले दिनों में सप्लाई सामान्य हो सकती है। बाजार में जामुन 200 रुपये, सेब 240 रुपये, मालटा 140 रुपये, अनानास 80 रुपये प्रतिकिलो और केले 90 से 100 रुपये प्रति दर्जन बिक रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार ऑफ सीजन फलों के दाम बढ़ जाते हैं।
इस बार स्थानीय दशहरी आमों की सप्लाई कम आ रही है। दुकानों पर केवल अन्य आम की दिखाई दे रहे हैं। -ऊषा देवी, फल विक्रेता, धर्मशाला
बरसात के साथ फलों के दामों में तीन से चार फीसदी बढ़ोतरी हुई है। आम 100 रुपये से 200 रुपये तक बिक रहे हैं। -विनोद, फल विक्रेता, दाड़ी
मंडियाें में पंजाब, जालंधर और पठानकोट का आम पहुंच रहा है। मंडी में आमों की फसल की कोई कमी नहीं देखी जा रही है। हो सकता है विक्रेताओं के पास स्थानीय दशहरी आमों की कमी हो सकती है। -शगुन सूद, सचिव, एपीएमसी