कांगड़ा उपमंडल के नटेहड़-जमानाबाद स्थित मनुनी पुल की क्षतिग्रस्त अप्रोच। -संवाद
धर्मशाला। उपमंडल कांगड़ा के नटेहड़-जमानाबाद स्थित मनूनी पुल की अप्रोच क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के एक छोर पर मिट्टी और सुरक्षा ढांचा बह जाने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बरसात शुरू होने से पहले मरम्मत नहीं होने पर लोगों और वाहनों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार यह पुल 12 से अधिक पंचायतों को जिला मुख्यालय कांगड़ा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। अप्रोच क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश होने पर पुल के समीप स्थित पिलर को भी नुकसान पहुंच सकता है जिससे पुल की संरचना कमजोर पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पुल की तकनीकी जांच करवाने और क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
जल्द ही संबंधित एसडीओ और जेई को पुल का मुआयना करने के लिए मौके पर भेजा जाएगा और पुल की अप्रोच में कोई दिक्कत है तो जल्द ही उसकी मरम्मत की जाएगी ताकि बरसात के समय ग्रामीणों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। -रवि भूषण, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग उपमंडल कांगड़ा