चुराह (चंबा)। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आयोजित दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा में हुआ। इस मौके पर स्वच्छता को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई।
रैली को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा के प्रधानाचार्य कर्म सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली स्कूल प्रांगण से शुरू होकर भंजराडू बाजार, बस स्टैंड से होते हुए स्कूल के प्रांगण में संपन्न हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अपनाओ, बीमारियां भागाओ, स्वच्छ भारत सुंदर भारत आदि नारे लगाकर स्थानीय लोगों को जागरूक किया।
इसी दौरान स्वच्छता विषय पर छात्र-छात्राओं में चित्रकला, निबंध और नारा लेखन प्रतियोगिता भी करवाई गई। चित्रकला में एंजेल महाजन प्रथम, थरन्नुम द्वितीय और मन्नत तृतीय रहीं। निबंध लेखन में इशिका भारद्वाज प्रथम, धनेश्वरी द्वितीय और पूजा शर्मा तृतीय रहीं। नारा लेखन में प्रथम स्थान दिक्षु, द्वितीय स्थान जीवनी और तृतीय स्थान पर हर्षिता रहीं। विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार हमीरपुर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया की केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता विषय पर तीसा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दूसरे दिन कल भी तीसा स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।