पालमपुर होली मेले के उपलक्ष्य में आयोजित कब्बडी प्रतियोगिता के फाइनल में दमखम दिखाते खिलाड़ी। -स
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर होली मेले के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में आनंदपुर साहिब और बिलासपुर की टीमों ने बाजी मारी। सोमवार को हुए भव्य समापन समारोह में पालमपुर के विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहे। महिला वर्ग के कड़े मुकाबले में सांझ टीम आनंदपुर साहिब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कृष्णा बिलासपुर की टीम को पटखनी दी और खिताबी ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, पुरुष वर्ग में कृष्णा अकादमी बिलासपुर की टीम ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए जीत दर्ज की, जबकि जिला कांगड़ा की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यातिथि आशीष बुटेल ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर की ये प्रतियोगिताएं भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार खेल कोटे के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और वित्तीय सहायता में प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल के मैदान में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर गोपाल नाग, संयोजक अनुराग नरियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सूद, पार्षद विनय कपूर और त्रिलोक चंद सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे।