धर्मशाला/फतेहपुर (कांगड़ा)। जिले के फतेहपुर में व्यास नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित रामसेतु पुल परियोजना का काम अब धरातल पर गति पकड़ने लगा है। व्यास नदी को पौंग बांध क्षेत्र से जोड़ने के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से 840 मीटर लंबा और साढ़े सात मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बारहमासी व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी नई संजीवनी मिलेगी। पुल का मुख्य निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित निर्माण एजेंसी की ओर से पिछले करीब दो माह से मौके पर व्यापक भू-तकनीकी (जियो-टेक्निकल) जांच की जा रही है।
इसके तहत नदी के तल और दोनों किनारों की मिट्टी तथा चट्टानों की मजबूती का कड़ा परीक्षण किया जा रहा है, ताकि पुल की बेहद मजबूत और सुरक्षित डिजाइन तैयार की जा सके। यह जांच प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को औपचारिक रूप से धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।
इस परियोजना के बनने से फतेहपुर क्षेत्र के लोगों को अब जिला मुख्यालय या अन्य हिस्सों में जाने के लिए लंबी दूरी तय करने से बड़ी राहत मिलेगी। यह पुल बनने से सबसे ज्यादा लाभ बरसात के मौसम में होगा, जब नदी का जलस्तर बढ़ने से संपर्क पूरी तरह कट जाता था। परियोजना के साकार होने से स्थानीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
रामसेतु पुल निर्माण के लिए पिछले दो माह से लगातार भू-तकनीकी जांच का काम चल रहा है। निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए कंपनी ने अढ़ाई वर्ष का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पुल फतेहपुर और पौंग बांध को आपस में जोड़ने में बेहद अहम भूमिका निभाएगा। - विनय कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी उपमंडल फतेहपुर