राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां में सम्मेलन के दौरान पूर्व छात्र। -स्रोत : सं
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक प्रो. डॉ. दीपक बंसल उपस्थित रहे। निदेशक ने कहा कि कॉलेज की असली पहचान इसके पूर्व छात्रों से होती है और यह प्रसन्नता का विषय है कि पूर्व छात्रों ने नामी निजी और सरकारी संस्थाओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है।
उन्होंने इस तरह के आयोजनों को संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक बताते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। सम्मेलन में पूर्व छात्रों ने अपने कॉलेज के सुनहरे दिनों को याद करते हुए भावनाएं साझा कीं और बताया कि कैसे इस कॉलेज ने उनके करियर और जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई पूर्व छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। गीत, नृत्य और कविताओं ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। इसके साथ ही एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व छात्रों ने शिक्षा, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा की।संवाद